बजरंग दल का प्रदर्शन, एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली । जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले में फैल रही नशाखोरी, गो-तस्करी, अवैध देह व्यापार तथा कथित लव जिहाद जैसी गतिविधियों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अवैध गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। वहीं बजरंग दल पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के कई क्षेत्रों में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है। संगठन ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास भी नशे का कारोबार फैल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा लगातार अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए।

गो-तस्करी और अवैध गतिविधियों पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में जिले में लगातार बढ़ रही गो-तस्करी की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि रात के समय पशुओं की अवैध ढुलाई की जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में कथित अवैध देह व्यापार संचालित होने का आरोप लगाते हुए बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की। साथ ही संगठन ने ज्ञापन में लव जिहाद जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की भी मांग की। पदाधिकारियों का कहना था कि समाज में धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति नियंत्रण में रही। सीएसपी ने ज्ञापन प्राप्त कर संगठन की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Next Post

असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई कर अपराधों पर लगाएं अंकुश: एसपी

Thu Jun 4 , 2026
सिंगरौली । जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था की मजबूती और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज गुरुवार को एसपी कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी सियाज केएम ने की। इस दौरान एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, […]

You May Like

मनोरंजन