असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई कर अपराधों पर लगाएं अंकुश: एसपी

सिंगरौली । जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था की मजबूती और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज गुरुवार को एसपी कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी सियाज केएम ने की। इस दौरान एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, सीएसपी उमेश प्रजापति, एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में एसपी ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान भारतीय न्याय संहिता माइनर एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों की त्रिवर्षीय तुलनात्मक समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा माइनर एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत अधिक से अधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं।

मारपीट एवं विवाद संबंधी मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107/116(3) के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं में समय रहते वैधानिक कार्रवाई करने से गंभीर अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सकता है। बैठक में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने तथा 50 लीटर से अधिक शराब बरामद होने वाले मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं एनडीपीएस एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आवश्यकतानुसार पीआईटी-एनडीपीएस और एनएसए के तहत प्रस्ताव भेजने तथा नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। जुआ-सट्टा, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

००००

बॉक्स

सड़क दुर्घटनाएं रोकने हेलमेट पर दें जोर

पुलिस अधीक्षक ने बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्र के अपराधियों, भूमि विवादों, ऋण लेन-देन से जुड़े मामलों और अन्य संवेदनशील विषयों की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन कराने, नियमित वाहन चेकिंग और आमजन को जागरूक करने पर बल दिया गया। जनसुनवाई में बढ़ रही शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने थाना एवं अनुभाग स्तर पर शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डायल 112 सेवाओं, सीसीटीएनएस, आईसीजेएस, ई-साक्ष्य, ई-रक्षक, ई-समंस, ई-वारंट एवं ई-विवेचना जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, जनविश्वास बढ़ाने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

००००००

Next Post

बाढ़ प्रभावित गांवों और संवेदनशील नदी-नालों को चिन्हित करें: गौरव

Thu Jun 4 , 2026
सिंगरौली । आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता एवं एसपी सियाज केएम के उपस्थिति में आपदा प्रबंधन कार्य योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को […]

You May Like

मनोरंजन