देवसर : देवसर ब्लॉक मुख्यालय में वर्षों से बस स्टैंड का अभाव स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है।राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जियावन थाना के सामने से लेकर एसडीओपी कार्यालय की ओर जाने वाली सड़क तक प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक यात्री बसें सड़क किनारे खड़ी रहती हैं। बसों के लिए निर्धारित स्टैंड नहीं होने के कारण पूरा क्षेत्र अस्थायी बस स्टैंड का रूप ले चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार देवसर से प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक यात्री बसों का आवागमन होता है। बसों के सड़क किनारे रुकने और यात्रियों के चढ़ने-उतरने के कारण एनएच-39 पर कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं बस स्टैंड नहीं होने के कारण यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।
