इंदौर: शहर में लोगों के वाहन किराये पर लेकर धोखे से हड़पने वाले गिरोह का राऊ पुलिस ने पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपए कीमत के चार चारपहिया वाहन भी बरामद किए हैं.फरियादी ने थाना राऊ में शिकायत दर्ज कराई थी कि युवराज और उसके साथियों ने उसकी कार टूर एंड ट्रेवल्स में लगाने के नाम पर किराये से ली थी. बाद में आरोपियों ने विश्वासघात करते हुए वाहन को किसी अन्य व्यक्ति को मोटी रकम लेकर बेच दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. थाना प्रभारी राऊ राजपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि गठित टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया.
ये हैं आरोपी और उनसे बरामद वाहनों के नाम
पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरह कई लोगों से वाहन लेकर हड़पने की वारदातें कबूल की हैं. पुलिस ने उनके पास से दो मारुति बलेनो, एक मारुति स्विफ्ट और एक मारुति अर्टिगा कार बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में युवराज निवासी सुंदरबन कॉलोनी धार, उत्तम सिंह निवासी सोनकच्छ जिला देवास और यशराज निवासी ओमेक्स हिल्स कॉलोनी राऊ शामिल हैं. पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है.
