इंदौर:अनुराग नगर में 85 वर्षीय बुजुर्ग को व्हाट्सएप कॉल के जरिए शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 51 लाख 80 हजार रुपए की ठगी की गई. आरोपी युवती ने खुद को आनंद राठी ग्रुप की मैनेजर बताकर जाल बिछाया.एमआईजी थाना क्षेत्र के अनुराग नगर निवासी 85 वर्षीय मनोहरलाल नागोरी साइबर ठगी का शिकार हो गए. ठगों ने शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे 51.80 लाख रुपए अलग अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए.
18 अप्रैल को बुजुर्ग के व्हाट्सएप पर एक युवती का कॉल आया, जिसने अपना नाम शिवानी बताते हुए खुद को आनंद राठी ग्रुप की मैनेजर बताया. विश्वास दिलाने के लिए उसने मुंबई हेड ऑफिस की फर्जी लोकेशन भी शेयर की. इसके बाद बुजुर्ग को एआर डिपॉजिट नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर एक लिंक भेजी गई, जिसके जरिए फर्जी निवेश अकाउंट खुलवाया गया. शुरुआत में बुजुर्ग से 1.10 लाख रुपए डलवाए गए और पोर्टल पर उन्हें मुनाफा दिखाया.
एक-एक कर करीब एक दर्जन से अधिक बैंक खातों में जमा कराई राशि
झांसे में आकर बुजुर्ग ने एक-एक कर करीब एक दर्जन से अधिक बैंक खातों में 51.80 लाख रुपए जमा कर दिए. ठग लगातार उन्हें बढ़ते मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट भेजते रहे. ठगी का खुलासा तब हुआ जब 26 मई को बुजुर्ग ने अपने अकाउंट से 14 लाख रुपए निकालने की कोशिश की. इस दौरान पोर्टल ब्लॉक हो गया और ठगों ने क्रेडिट स्कोर कम होने का बहाना बना दिया. बाद में आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि खुद को ठगा हुआ पाकर बुजुर्ग ने साइबर हेल्पलाइन और एमआईजी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.
