
ग्वालियर। प्रख्यात समाजसेवी व वरिष्ठ पत्रकार स्व. रमन अग्रवाल की 8वीं पुण्यतिथि पर ग्वालियर सहित सुदूर अंचलों में वृहद स्तर पर सेवा कार्यों का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो किसी के चेहरे पर मुस्कान लाए। इसी ध्येय के साथ हॉप फॉर ग्रोथ वेलफेयर फाउंडेशन और रमन अग्रवाल सेवा समिति द्वारा ये पुनीत कार्य किए गए।
ग्वालियर के शासकीय विद्यालय, मोहनपुर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निःशुल्क स्कूल बैग, शिक्षण सामग्री और चॉकलेट बांटी गईं। जयारोग्य अस्पताल, ग्वालियर में मरीजों और उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन एवं फल वितरित किए गए। रतलाम के डूमाहेड़ा व तलावली में दृष्टिहीन, दिव्यांग और असहाय परिवारों को राशन, वस्त्र और मेडिकल किट का वितरण किया गया।
