
भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि उनके लिए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से अधिक पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले पर सवाल उठाने के बजाय वह स्वयं आत्मचिंतन करेंगे और एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए पहले की तरह काम करते रहेंगे।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का कोई आश्वासन नहीं दिया गया है और न ही उन्होंने कोई आश्वासन मांगा है। उन्होंने दोहराया कि वह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे और कल उनके नामांकन में भी शामिल होंगे।
उन्होंने टिकट को लेकर किसी भी नेता या संगठन को जिम्मेदार ठहराने से इनकार करते हुए कहा कि यदि कोई कमी रही होगी तो वह स्वयं उसका आत्मविश्लेषण करेंगे। मिश्रा ने पार्टी से नाराजगी की सभी अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि वह कभी नाराज नहीं थे, न हैं और न ही आगे होंगे। आज दिल्ली आए नरोत्तम ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलने का समय मांगा गया है, हालांकि अभी मुलाकात नहीं हो सकी है। उनका कहना था कि आगे जो भी बात होगी, वह पार्टी के मंच पर ही रखी जाएगी।
