​गौरझामर में जल संकट पर फूटा गुस्सा: 18 महीने का काम 4 साल में भी अधूरा, ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया चक्काजाम


गौरझामर: सरकार और जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और हर घर जल पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से कोसों दूर है. केसली विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पठाखुर्द में आज भी ग्रामीण एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं.भीषण गर्मी के इस दौर में जब जल संकट अपने चरम पर पहुंच गया, तो ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने केसली स्टेट हाईवे पर पहुंचकर चक्का जाम कर दिया, ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्का जाम करते हुए शासन, प्रशासन और संबंधित जल संसाधन विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की.

इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. ग्रामीणों और नागरिकों ने बताया कि ग्राम पठाखुर्द और आसपास के इलाके को पानी के संकट से उबारने के लिए वर्ष 2022 में एक महत्वाकांक्षी जलाशय (बांध) निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली थी. नियमानुसार और विभागीय अनुबंध के तहत इस पूरे जलाशय योजना को महज 18 महीने की समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना था. लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही, ठेकेदार की सुस्ती और प्रशासनिक मॉनिटरिंग के अभाव के कारण आज चार वर्ष बीत जाने के बाद भी यह परियोजना अधूरी पड़ी है।

करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह जलाशय भ्रष्टाचार और विभागीय उदासीनता का जीता-जागता सबूत बन चुका है. ग्रामीणों का हक छीनने वाले अधूरे निर्माण कार्य ने पूरे गांव को जल संकट की आग में झोंक दिया है.चक्का जाम स्थल पर मौजूद महिलाओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में पीने के पानी का कोई अन्य साधन नहीं बचा है. जलस्तर लगातार नीचे गिरने से हैंडपंप और कुएं सूख चुके हैं. ऐसी स्थिति में घर की महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भीषण चपचपाती धूप और गर्मी में कई किलोमीटर पैदल चलकर निजी खेतों या दूरदराज के जलस्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का दैनिक जीवन पूरी तरह से प्रभावित हो चुका है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस जलाशय का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाता, तो पिछले मानसून में यह जलाशय पूरी तरह भर जाता है.

Next Post

दिल्ली रेस्टोरेंट में आग लगने से हुई मौतों पर सीएम डॉ यादव ने जताया शोक

Wed Jun 3 , 2026
भोपाल: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगने से हुई दुखद दुर्घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इस हादसे में कई लोगों की मृत्यु का समाचार […]

You May Like