ग्वालियर: खेल एवं युवा कल्याण विभाग, डबरा द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. शंकर बाथम, पार्षद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में किशोर पटसरिया, क्रीड़ा अधिकारी पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डबरा, सोनाली गुप्ता, सहायक खेल शिक्षक एवं रामू केवट, पूर्व मंडी सदस्य डबरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राकेश बाथम वरिष्ठ भाजपा नेता ने की। कार्यक्रम में गजेंद्र सिंह जाट, नेमीचंद सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक मुकेश बाथम द्वारा किया गया। शिविर के दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल, थ्रो बॉल एवं फुटबॉल खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया जिसकी उपस्थित जनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. शंकर बाथम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित रूप से मन लगाकर अभ्यास करने तथा अपना, अपने माता-पिता एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि किशोर पटसरिया ने खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण एवं मेहनत के महत्व से अवगत कराते हुए खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. राकेश बाथम ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा शिविर में सहभागिता करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
