भोपाल: राजधानी में आज 77वां भोपाल गौरव दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहरवासियों ने भोपाल रियासत के भारतीय संघ में विलय के ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए विलीनीकरण आंदोलन के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।गौरतलब है कि देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद भी भोपाल तत्काल भारतीय संघ का हिस्सा नहीं बना था। तत्कालीन नवाब द्वारा स्वतंत्र राज्य बनाए रखने के प्रयासों के विरोध में व्यापक विलीनीकरण आंदोलन शुरू हुआ। जनदबाव और आंदोलन के परिणाम में विलय समझौते पर हस्ताक्षर हुए तथा 1 जून 1949 से भोपाल औपचारिक रूप से भारतीय संघ का अभिन्न अंग बन गया।
भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर शहर भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनमें विलीनीकरण आंदोलन के इतिहास, उसके संघर्षों और उसमें योगदान देने वाले नेताओं एवं शहीदों को याद किया जा रहा है। इस मौके पर महापौर मालती राय की अगुवाई में भोपाल नगर निगम मुख्यालय में भी गौरव दिवस मना। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहर के गौरवशाली अतीत को स्मरण किया और मिठाइयां बांटकर खुशी व्यक्त की।
