ई अटेंडेंस के विरोध में अध्यापक संघ सड़क पर, 12 मांगे

सिंगरौली: आजाद अध्यापक शिक्षक संघ जिला ईकाई सिंगरौली ने प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के निर्देश पर सिंगरौली जिलाध्यक्ष महेन्द्र कुमार द्विवेदी के अगुवाई में ई अटेंडेंस के विरोध में रैली निकाल 12 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौपा है।आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष महेन्द्र कुमार द्विवेदी एवं प्रान्तीय संगठन मंत्री देवेन्द्र पनाड़िया मन्नु ने अपने लंबित मांगों में कहा है कि शिक्षको के लिए दोषपूर्ण ई अटेंडेंस व्यवस्था लागू न की जाये।

जिन जिलों में यह व्यवस्था लागू की गई है, उसे तत्काल समाप्त कर जो अटेंडेंस व्यवस्था म.प्र. के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को लागू है वही अटेंडेंस व्यवस्था शिक्षको पर भी लागू रखी जाये। अध्यापक शिक्षक संवर्ग को भी राज्य एवं केन्द्र के अन्य कर्मचारियों के समान प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करके पुरानी पेंशन योजना का लाभ लिया जाये।

आईएफएमएस पोर्टल में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षको की जो नियुक्ति 1 जुलाई 2018 दर्ज है, उसे सुधार कर उनकी प्रथम नियुक्ति दिनांक अंकित की जाये। गुरूजी संवर्ग को उनकी नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ प्रदान किया जाये। अध्यापक शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति और लंबित क्रमोन्नति के आदेश शीघ्र जारी कर एरियर्स राशि का भुगतान कराया जाये। जनजाति कार्य विभाग में कार्यरत अध्यापक, शिक्षक संवर्ग और विद्यालयों को स्कूल शिक्षा विभाग में मर्ज किया जाये। अनुकम्पा नियुक्ति के नियमों को शिथिल कर शत-प्रतिशत दिवंगत अध्यापक शिक्षक संवर्ग के आश्रित परिवार के सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति का लाभ दिया जाये सहित 12 सूत्रीय लंबित मांग को लेकर ज्ञापन सौपा है। इस दौरान भारी संख्या में आजाद अध्यापक संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Next Post

स्वास्थ्य के बुनियादे ढांचे होंगे मजबूत : रेखा

Mon Jul 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहां यथार्थ अस्तपताल का उद्घाटन करने के […]

You May Like