
जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के दौरान सोमवार को उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कुछ उम्मीदवारों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा दिए। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुए विवाद के बाद मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई और चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई।
मामला बढ़ता देख चुनाव अधिकारी जी.एस. ठाकुर ने चुनाव को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया। इस फैसले के बाद चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मुलाकात कर पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर सभी मतपेटियों को सील कर दिया गया है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। फिलहाल अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और उम्मीदवारों के बीच आगे की रणनीति पर चर्चा जारी है। सभी पक्ष चाहते हैं कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दोबारा कराया जाए।
अब सभी की नजर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के अगले फैसले पर टिकी है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही नए चुनाव की तारीख और आगे की प्रक्रिया को लेकर फैसला लिया जाएगा।
