इंदौर:लसुड़िया थाना क्षेत्र में बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में बिल मांगने पर युवकों ने जमकर हंगामा किया. आरोपियों ने 18,700 रुपए का बिल देने से इनकार करते हुए संचालक और कर्मचारियों से मारपीट की और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ कर दी. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.घटना श्रीनाथ रेस्टोरेंट की है, जो बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास स्थित है. शांति नगर मुसाखेड़ी निवासी फरियादी मुकेश पिता रामकरण राजपूत यहां रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं. घटना के समय कुछ युवक खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे थे.
फरियादी ने पुलिस को बतायाकि आरोपी चंदन तिवारी, राहुल और उनके अन्य साथी निवासी महालक्ष्मी नगर ने खाना खाने के बाद जब 18,700 रुपए का बिल देखा तो भड़क गए. उन्होंने बिल चुकाने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी और उग्र हो गए. वे काउंटर के अंदर घुस आए और मुकेश व कर्मचारियों के साथ लात-थप्पड़ों से मारपीट करने लगे. इस दौरान आरोपियों ने रेस्टोरेंट में रखे कांच, बर्तन और अन्य सामान में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे संचालक को भारी नुकसान हुआ. घटना के दौरान मौजूद अन्य ग्राहकों और स्टाफ ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है
