जेल की सलाखों के बीच बहनों ने बांधी राखी, भाइयों की आंखें हुईं नम

इंदौर. रक्षाबंधन पर शुक्रवार को केंद्रीय जेल इंदौर में 1302 बंदियों के लिए भी त्योहार की खुशियां पहुंचीं. सुबह से जेल पहुंचे 5240 परिजनों के साथ 2413 बच्चे भी शामिल थे. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई. लंबे समय बाद परिवार से मिले कई बंदियों के लिए यह मुलाकात भावुक कर देने वाली रही. केंद्रीय जेल के सभागार में सुबह से ही भाई बहनों की मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया था, बहनें राखी और मिठाई लेकर पहुंचीं. मुलाकात के दौरान परिवार के लोगों ने बंदियों का हालचाल जाना और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. बच्चों में भी अपने पिता और परिवार के सदस्य से मिलने को लेकर उत्साह नजर आया. केंद्रीय जेल में 1302 बंदियों की उनके परिजनों से मुलाकात हुई. इनमें 1271 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हैं. चार बंदियों से भी परिवार के लोगों की मुलाकात कराई गई. महिला जेल में रह रही महिलाओं की उनके भाइयों से भी मुलाकात हुई. भाइयों ने बहनों से राखी बंधवाई और मिठाई खिलाकर त्योहार मनाया. रक्षाबंधन के इस आयोजन में जेल महानिदेशक वरुण कपूर भी केंद्रीय जेल पहुंचे. उन्होंने जेल में चल रही मुलाकात और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मीडिया से भी बातचीत की. जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे ने नव भारत को बताया कि रक्षाबंधन पर बंदियों और उनके परिवारों की मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए है. महिला बंदियों की भी उनके भाइयों से मुलाकात कराई, पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.

9 जेलों में 2532 बंदियों से मिले परिवार…

केंद्रीय जेल के अलावा जिला जेल इंदौर में 565, धार में 165 और खंडवा में 306 बंदियों से उनके परिजन मिले. सरदारपुर में 21, देपालपुर में 41, सांवेर में 30, महू में 65 और बड़वाह में 37 बंदियों ने परिवार के साथ राखी का त्योहार मनाया.

Next Post

वाहन चोरी के गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा, 11 दोपहिया बरामद

Fri Aug 28 , 2026
इंदौर. तेजाजीनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में चार लोगों को पकड़ा है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग अलग स्थानों से चोरी किए 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है. गुरुवार की […]

You May Like

मनोरंजन