
इंदौर. तेजाजीनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में चार लोगों को पकड़ा है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग अलग स्थानों से चोरी किए 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है. गुरुवार की मध्यरात्रि उमरीखेड़ा वाइन शॉप के सामने सर्विस रोड पर कुछ लोग दोपहिया वाहनों के साथ संदिग्ध हालत में खड़े थे. सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों को पकड़ा. पूछताछ में शहर और आसपास के जिलों से दोपहिया वाहन चोरी करने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर 11 दोपहिया वाहन बरामद किए. इनमें हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो स्प्लेंडर प्लस, बजाज पल्सर, टीवीएस स्कूटी पेप, होंडा सीबीजेड और होंडा एक्टिवा शामिल हैं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए लोगों में शामिल दो बालिगों के खिलाफ पहले से अलग अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों नाबालिगों के खिलाफ भी वाहन चोरी सहित अन्य अपराधों के प्रकरण दर्ज होना सामने आया है. पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बरामद वाहनों के मालिकों और पूर्व में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इनका मिलान किया जा रहा है. मामले में थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम का कहना है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है. बरामद 11 वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
