![]()
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में सत्ताधारी दल से जुड़े एक पार्षदपति पर महिला से अभद्रता और अनुचित दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने शहर की राजनीति में हलचल मचा दी. महिला ने आरोप लगाया कि पानी का टैंकर मंगाने के लिए फोन करने पर पार्षदपति उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर दोस्ती का प्रस्ताव रख दिया. हालांकि, पुलिस जांच के बाद मामला पलट गया और शिकायत बंद कर दी गई.
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में पानी की किल्लत के चलते महिला ने पार्षदपति को फोन कर टैंकर भेजने की मांग की थी. आरोप है कि इसके बाद पार्षदपति खुद महिला के घर पहुंच गए. घर में पानी पीने के बाद उन्होंने महिला के सामने दोस्ती करने की बात कही, जिस पर महिला ने नाराजगी जताई और घर में विवाद की स्थिति बन गई. इसके बाद महिला अपने पति के साथ एरोड्रम थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. मामले की जानकारी लगते ही राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया.
सूत्रों के अनुसार, शिकायत की भनक लगते ही समझौते और राजीनामे के लिए दबाव बनाने की कोशिशें भी शुरू हो गईं. इस बीच मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और चर्चाओं का केंद्र बन गया. संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने महिला की शिकायत पर तुरंत जांच शुरू की. महिला अधिकारियों की मौजूदगी में जब पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए, तो मामला पूरी तरह बदल गया. महिला ने अपने अंतिम बयान में कहा कि पार्षदपति के अचानक घर आने से वह नाराज हो गई थी और इसी गुस्से में उसने शिकायत की थी.
एडिशनल डीसीपी प्रियंका डुडवे का कहना है कि महिला के लिखित बयानों के आधार पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया है और जांच बंद कर दी गई है.
