इंदौर: बाणगंगा इलाके के अवंतिका नगर में बुधवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग सुपर कॉरिडोर क्षेत्र के टिगरिया बादशाह स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी। इसकी जानकारी आसपास की फैक्ट्रियों में कार्यरत चौकीदार ने दी। आग ने भयावह रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
केमिकल फैक्ट्रियों के बीच बढ़ा खतरा
पुलिस के मुताबिक, जिस क्षेत्र में आग लगी, वहां आसपास कई केमिकल और अन्य औद्योगिक इकाइयाँ स्थित हैं, जिससे आग के और अधिक फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने शुरू में आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हुई, तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन
आग बुझाने के लिए नगर निगम ने फैक्ट्री का शेड तोड़ने के लिए जेसीबी भी बुलवाई है, ताकि अंदर फंसी आग पर काबू पाया जा सके। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
