
नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में आपसी रंजिश और व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 29 वर्षीय युवक को गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
मरणासन्न हालत में मिला युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरी निवासी रंजीत पटेल (29 वर्ष), पिता नेतराम पटेल को गोटेगांवखेड़ा सड़क के पास गंभीर और मरणासन्न हालत में पड़ा पाया गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल उसे गोटेगांव के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन अत्यधिक गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
लकड़ी काटने के काम को लेकर विवाद
मृतक के परिजनों ने गांव के ही गुड्डु पटेल और छट्टू राजपूत निवासी देवरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता नेतराम पटेल के अनुसार, रंजीत लकड़ी काटने का काम करता था, जिससे गुड्डु पटेल उससे व्यावसायिक रंजिश रखता था। इसी विवाद के चलते आरोपी और उसके साथियों ने रंजीत का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
मरने से पहले बताई सच्चाई
मृतक के चचेरे भाई नीरज पटेल ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे, तब रंजीत जीवित था और उसने स्पष्ट रूप से कहा— “मुझे गुड्डू ने बहुत मारा है।” परिजनों के अनुसार, रंजीत ने पुलिस के समक्ष भी अपने बयान दर्ज कराए, जिसे मरणोपन्न कथन (डाइंग डिक्लेरेशन) माना जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के अंतिम बयान की वीडियोग्राफी कराई गई है, जिसे अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। थाना प्रभारी नीरज सराफ के अनुसार, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद से गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
