इंदौर:मंदिरों की दानपेटी को निशाना बनाने वाली गैंग को छत्रीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गैंग ने छत्रीपुरा और रावजी बाजार थाना क्षेत्र के दो मंदिरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातें की थीं. पुलिस 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची और उन्हें माल सहित पकड़ लिया. आरोपियों ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिये वारदात करना कबूल किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग सहित 4 बदमाश शामिल हैं.
रविवार 17 मई को छत्रीपुरा क्षेत्र में मंदिर की दानपेटी से चोरी के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, एक टीम गठित कर आसपास के 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान हुई. इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों और दो नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में दिव्यांश थापा उम्र 18 साल निवासी गंगाबाग कॉलोनी और कमलेश प्रजापत उम्र 18 साल निवासी ऋषि नगर शामिल हैं. इनके कब्जे से 29 हजार रुपए जब्त किए हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने 18-19 मई की दरमियानी रात रावजी बाजार क्षेत्र के हनुमान मंदिर में भी चोरी करना स्वीकार किया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मंदिरों की रेकी कर रात में ताले तोड़ते थे और दानपेटी से नकदी निकालकर फरार हो जाते थे. वारदात के बाद रकम आपस में बांटकर नशे में खर्च कर देते थे. मामले में पुलिस उपायुक्त जोन 4 सुनील मेहता ने बताया कि शहर में चोरी व नकबजनी पर नियंत्रण के लिये अभियान चलाया जा रहा है. इसी तरह छत्रीपुरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम...
आरोपी पहले मंदिरों की रेकी कर सुनसान समय तय करते थे. रात में ताले तोड़कर दानपेटी तक पहुंचते थे और नकदी निकालकर मौके से फरार हो जाते थे. चोरी की रकम आपस में बांटकर नशे के लिए खर्च कर सकते थे. सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं और एक ही इलाके में रहते हैं. साथ बैठकर नशा करते थे, उसी दौरान चोरी की योजना बनाते थे. वारदात के लिये एक साथ निकलते और रकम बराबर बांटते थे
