रिश्तेदार बना मेहमान चोर, शादी में ही कर दी 5 लाख की चोरी सूना घर और बारात दोनों बने निशाना, जेवर-नकदी बरामद

रतलाम/सैलाना। शादी की खुशियों के बीच चोरी की वारदात ने सनसनी फैला दी, लेकिन सैलाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि शादी में शामिल एक रिश्तेदार ही निकला।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फरियादी निर्मल पाटीदार निवासी ग्राम बोदिना ने शिकायत दर्ज कराई थी। 26 अप्रैल को विवाह समारोह के चलते पूरा परिवार घर से बाहर था।

रात करीब 10 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे। इसी दौरान बारात में एक रिश्तेदार के बैग से सोने का हार और नकदी चोरी होने का मामला भी सामने आया।

मामले में थाना सैलाना पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही तक पहुंच बनाते हुए उसे हिरासत में लिया।

शेड में छिपाए जेवर, बाइक में रखी नकदी:पूछताछ में आरोपी सुजल पिता मुकेश पाटीदार (20) निवासी ग्राम पंचेवा ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी दूल्हे का रिश्तेदार था और विवाह समारोह में आमंत्रित था। उसकी निशानदेही पर पवन चक्की क्षेत्र स्थित टीन शेड से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जबकि नकदी मोटरसाइकिल की टंकी के नीचे छिपाकर रखी गई थी।

 

पुलिस ने माल जब्त कर कोर्ट में किया पेश

 

पुलिस ने करीब 5 लाख रुपए मूल्य के आभूषण, 21 हजार रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

निवास के पटवारी आवास में चोरों ने बोला धावा

Tue Apr 28 , 2026
सरई। इन दिनों चोरी का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा, जिले से लेकर ग्रामीण आंचलों तक चोरों का आतंक, लोगो का जीना हराम कर रखे है चोर, क्षेत्र में अब सुरक्षित महसुस नही कर रहे है, रात्रि में अब चोरो का डर सताने लगा। मामला पुलिस चौकी निवास […]

You May Like