बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द होगी शुरू: वैष्णव

नयी दिल्ली 17 मई (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द शुरू होगी। उन्होंने रविवार को वर्चुअल तरीके से बेंगलुरु और मुंबई के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री वैष्णव ने ट्रेन संख्या 16553/54 सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी) बेंगलुरु – लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद इसे कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच रेलवे सम्पर्क को मज़बूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण और उत्तरी कर्नाटक की लंबे समय से लंबित मांगें अब पूरी की जा रही हैं। इस कड़ी में बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द ही शुरू की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास पर ज़ोर देते हुए बताया कि हाल के वर्षों में रेलवे के लिए मिलने वाली राशि में काफ़ी बढ़ोतरी हुई है, जिससे पूरे कर्नाटक में परियोजनाओं को तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत राज्य के 61 स्टेशनों का 2,160 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से नौ स्टेशन पहले ही पूरे हो चुके हैं। बेंगलुरु कैंटोनमेंट स्टेशन का 485 करोड़ रुपये की लागत से और यशवंतपुर स्टेशन का 367 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साल 2014 से अब तक कर्नाटक में लगभग 1,750 किलोमीटर नयी रेल लाइनें बिछाई गयी हैं। इसके अलावा, हासन-मंगलुरु सेक्शन में बिजलीकरण का मुश्किल काम पूरा हो चुका है और अभी परीक्षण का काम चल रहा है।

रेल मंत्री ने बेंगलुरु उपनगरीय रेल परियोजना के बारे में बताया कि चारों गलियारों पर काम तेज़ी से चल रहा है। बैयप्पनहल्ली-चिक्काबनावारा और हीलालगे-राजनुकुंटे कॉरिडोर के लिए ज़मीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है और अभी स्टेशनों पर निर्माण कार्य चल रहा है। केएसआर बेंगलुरु-देवनाहल्ली मार्ग को राज्य सरकार और रेलवे ने मिलकर मंज़ूरी दे दी है और इसका जियोटेक्निकल सर्वे भी पूरा हो चुका है। केंगेरी-व्हाइटफ़ील्ड मार्ग को हाल ही में मंज़ूरी मिली है और जल्द ही इसका सर्वे का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपनगरीय रेल नेटवर्क हवाई अड्डे, इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मराठाहल्ली और हेब्बल जैसे प्रमुख केंद्रों को आपस में जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में अभी वंदे भारत ट्रेन की 12 जोड़ी ट्रेनें चल रही हैं। बेंगलुरु-मंगलुरु मार्ग पर अभी परीक्षण का काम चल रहा है, जिससे जल्द ही माडगांव तक तटीय सम्पर्क बेहतर हो जाएगा। श्री वैष्णव ने बताया कि बेंगलुरु को हैदराबाद और चेन्नई से जोड़ने वाले बुलेट ट्रेन गलियारे को भी मंज़ूरी दे दी गयी है। मुंबई, बेंगलुरु और अन्य बड़े शहरों को जोड़ने के लंबे समय के विज़न के साथ इस नेटवर्क के 7,000 किमी तक फैलने की उम्मीद है। इस मौके पर रेलवे राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने श्री वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे सबसे व्यस्त रूटों में से एक पर यात्रियों को बहुत फ़ायदा होगा और कर्नाटक के विकास को भी और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में अभी 12 जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, जो 14 ज़िलों को कवर करती हैं। उन्होंने कहा कि थानिसंद्रा में 270 करोड़ रुपये की लागत से एक वंदे भारत स्लीपर मरम्त डिपो बनाया जाएगा। साथ ही एसएमवीटी बेंगलुरु में 52.73 करोड़ रुपये की लागत से एक चेयर कार मरम्मत केंद्र बनाया जाएगा। क्षमता बढ़ाने के लिए बैयप्पनहल्ली-होसुर (1,116 करोड़ रुपये), बेट्टाहलसूरु-राजनुकुंटे (248 करोड़ रुपये), और बेंगलुरु के आस-पास चार-लाइन बिछाने का काम (1,347 करोड़ रुपये) किया जा रहा है।

श्री सोमन्ना ने बताया कि यशवंतपुर, केएसआर बेंगलुरु, लोट्टेगोल्लाहल्ली, बैयप्पनहल्ली, पेनुकोंडा, मैसूरु और जोलारपेट्टई जैसे मुख्य हिस्सों में कुल 6,396 करोड़ रुपये की लागत से स्वचालित सिग्नलिंग का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक को रेलवे बजट में रिकॉर्ड 7748 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। राज्य में वर्ष 2014 से अब तक, लगभग 3,840 किमी रेलवे लाइनें बनाई गई हैं और 3,742 किमी का विद्युतीकरण किया गया है, जिससे राज्य 100 प्रतिशत विद्युतीकरण के करीब पहुँच गया है। उन्होंने कहा कि सड़क के ऊपर बने पुलों (आरओबी) /सड़क के नीचे बने पुलों (आरयूबी) की संख्या 2014 से पहले के लगभग 150 थीं, जो अब बढ़कर 707 हो गयी है। अगले एक साल में 146 और आरओबी/आयूबी पूरे कर लिए जाएँगे और अगले तीन सालों में सभी लेवल क्रॉसिंग को खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर बेंगलुरु सेंट्रल से सांसद पी. सी. मोहन, राज्यसभा के सांसद लहर सिंह सिरोया और बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या शामिल थे। ये लोग रेलवे के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

Next Post

भारत और नीदरलैंड ने आपसी संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की

Sun May 17 , 2026
नयी दिल्ली,17 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रोब जेटेन के साथ आधिकारिक वार्ता में दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। साझा मूल्यों और आपसी विश्वास के साथ-साथ दोनों देशों के बीच बढ़ते सामंजस्य और सहयोग को देखते हुए, नेताओं […]

You May Like