
इंदौर. तिलक नगर थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा करने की बात पर हुए विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या का प्रयास करने वाले इनामी बदमाश अमित उर्फ बकरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.
मामला 9 मई की शाम का है, जब परदेशीपुरा निवासी आकाश सिंह अपने दोस्तों के साथ पिपलियाहाना स्थित मैदान में खड़ा था. इसी दौरान अमित राजावत और उत्तम ठाकुर वहां पहुंचे और वाहन खड़ा करने की बात को लेकर विवाद करने लगे. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. इसी दौरान अमित ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया, जिससे गोली आकाश सिंह की जांघ में लगी. घटना के बाद तिलक नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की.
आरोपी को पकड़ने गठित की गई थी विशेष टीम
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीआई मनीष लोधा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी. इसी के चलते 13 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिचोली ब्रिज सर्विस रोड से आरोपी अमित उर्फ बकरी उम्र 31 साल निवासी हरसिद्धि नगर खजराना को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी से बचने के दौरान आरोपी ने पुल से कूदने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ पैर में चोटें आईं. उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया.
वारदात के बाद मथुरा भाग गया था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद वह इंदौर से उज्जैन होते हुए मथुरा भाग गया था. लेकिन पैसे खत्म होने पर फिर से इंतजाम के लिए इंदौर लौटा था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया. आरोपी ने यह भी बताया कि गाड़ियों की सीजिंग को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा के चलते उसने हमला किया था. पुलिस अब आरोपी से घटना में उपयोग पिस्टल और फरार साथी के संबंध में पूछताछ करेगी. इसके लिए आरोपी का पुलिस रिमांड लिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था.
