भोपाल। मध्यप्रदेश में 21 साल बाद एक बार फिर सरकारी बस सेवा की शुरुआत हो गई है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश की सड़कों पर रवाना किया गया।
इस सेवा में 180 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड समेत 7 शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों का संचालन किया जाएगा। बसों में CCTV कैमरे और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास छोटे-छोटे गांवों और कस्बों तक आवागमन की सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी न हो। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आधुनिक तकनीक से युक्त इस बस सेवा की शुरुआत को मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
सरकार का लक्ष्य पहले साल 1500 बसें चलाने का है, जबकि 2031 तक प्रदेश में 15 हजार से ज्यादा बसें संचालित करने की योजना है। 21 साल बाद सरकारी बस सेवा की वापसी के साथ प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है।
