
छतरपुर। जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों द्वारा अचानक पथराव किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में एडिशनल एसपी (एएसपी) के वाहन सहित करीब आधा दर्जन पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
कार्रवाई शुरू होते ही बिगड़ी स्थिति
जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ ढौढ़न बांध क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुँचा था। जैसे ही अमले ने अपनी कार्यवाही शुरू की, वहाँ मौजूद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और भीड़ ने पुलिस प्रशासन की टीम पर पत्थरों की बारिश कर दी।
वाहन और मशीनों को बनाया निशाना
उग्र भीड़ के हमले में एडिशनल एसपी की गाड़ी के शीशे टूट गए और कई अन्य पुलिस वाहनों को नुकसान पहुँचा। इसके अलावा, अतिक्रमण हटाने के काम में लगी जेसीबी मशीन के साथ भी तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि इस पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पहचान और कानूनी कार्रवाई शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति को शांत करने में जुटे हैं। पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान के लिए वीडियोग्राफी और स्थानीय इनपुट का सहारा लेना शुरू कर दिया है। दोषियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और हिंसा फैलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
पहले से बना हुआ था विरोध का माहौल
विदित हो कि केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर विस्थापितों और ग्रामीणों में मुआवजे एवं सर्वे को लेकर पहले से ही गहरा असंतोष व्याप्त था। प्रशासन सतर्कता के साथ कदम उठा रहा था, लेकिन इस घटना ने तनाव को चरम पर पहुँचा दिया है।
