गैस किल्लत, गेंहू खरीदी और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने दिया धरना

सीधी। गैस किल्लत, गेंहू खरीदी और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने धरना दिया। भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने विशाल धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित किसानों, युवाओं और महिलाओं की भारी संख्या में सहभागिता रही।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गेंहू खरीदी में हो रही देरी, गैस की भारी किल्लत, बेतहाशा बढ़ते बिजली बिलों एवं भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की अगुवाई, जिले के संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा की विशेष उपस्थिति तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में सम्राट चौक स्थित पृथ्वीराज चौहान शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन कर विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सीधी कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया। धरना-प्रदर्शन में जिले भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों की भारी सहभागिता देखने को मिली।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में गेंहू खरीदी में देरी और अव्यवस्था के चलते किसानों को हो रही परेशानियों, घरेलू गैस की कमी, लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों के बोझ जैसे प्रमुख मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा गया। सीधी सिंगरौली सडक़ निर्माण में हो रही देरी, वनों की कटाई, खाद-बीज की अनुपलब्धता तथा एमएसपी पर खरीदी जा रही फसलों पर नगण्य बोनस जैसे मुद्दों को भी जोरदार तरीके से उठाया गया। कार्यक्रम का संचालन संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री द्वारा किया गया।

धरना प्रदर्शन के दौरान प्रमुख वक्ताओं में पूर्व अध्यक्ष चिंतामणि तिवारी, नपा अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती कमलेश सिंह, उपाध्यक्ष अम्बिकेश पाण्डेय, महामंत्री विनोद मिश्रा, वरिष्ठ नेता तिलकराज सिंह, आदिवासी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोज कोल, महामंत्री शीलरानी साकेत, वरिष्ठ नेता शेषमणि पनिका, जनपद उपाध्यक्ष मनोज चंदेल, चिंतामणि गुप्ता, विमल जैसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस श्रीमती वसुधा सिंह ने भी जनमानस की आवाज बुलंद की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जिले के किसान, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न वर्गों के नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

गैस सिलेंडर, बिजली बिल सहित सभी मुद्दों पर सरकार फेल: कमलेश्वर

सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने अपने संबोधन में गैस की किल्लत, गेंहू खरीदी में हो रही लेट लतीफी और बढ़ते बिजली बिलों को जनता की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। किसान अपनी उपज लेकर मंडियों में भटक रहे हैं लेकिन खरीदी समय पर नहीं हो रही जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग के घर का बजट बिगाड़ दिया है वहीं लगातार बढ़ते बिजली बिलों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसके साथ ही उन्होंने खाद-बीज की अनुपलब्धता, एमएसपी पर उचित बोनस न मिलना और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

भाजपा सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान: दिलीप

जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा ने कहा कि गैस की किल्लत, गेंहू खरीदी में हो रही देरी और बढ़ते बिजली बिल आज हर घर की समस्या बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल लेकर खरीदी केन्द्रों पर परेशान हो रहा है लेकिन समय पर खरीदी नहीं हो रही। वहीं गैस की अनुपलब्धता से आमजन परेशान है और बिजली के बढ़ते बिलों से हर वर्ग त्रस्त है। दिलीप मिश्रा ने राजस्व प्रकरणों में देरी, पेयजल संकट, सीधी-सिंगरौली सडक़ निर्माण में विलम्ब, वनों की कटाई और खाद-बीज की कमी जैसे मुद्दों को भी उठाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया।

हर घर की समस्या बनी गैस, गेंहू खरीदी व बिजली बिल: ज्ञान

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि गैस की किल्लत, गेंहू खरीदी में लेट लतीफी और बढ़ते बिजली बिलों ने आम जनता और किसानों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है लेकिन सरकार उसकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिलों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है वहीं गैस की कमी से घर-घर में परेशानी बनी हुई है। ज्ञान सिंह ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई, पेयजल संकट, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, महिलाओं की सुरक्षा, नशे की समस्या, सीधी-सिंगरौली सडक़ निर्माण, खाद-बीज की उपलब्धता और एमएसपी पर बोनस जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञापन में राज्यपाल से की गई प्रमुख मांगें

सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया है कि गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता है, लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे है जिससे आमजन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड रहा है, गैस सिलेंडर के लिए जनमानस सुबह से ही लंबी-लंबी लाइन लगाने के लिए मजबूर हैं, होम डिलीवरी की सुविधा बंद है, गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए एवं होम डिलीवरी की सुविधा पुन: लोगों को प्रदान की जाए। गेंहू खरीदी की तिथि तय न होना किसानों की मेहनत से तैयार फसल खरीदी के लिए तिथि निर्धारित नहीं होने के कारण किसान चितित एवं परेशान हैं। बिजली बिल में अत्यधिक बढ़ोत्तरी आम उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल थमाए जा रहे हैं जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। निवेदन है कि बढ़े हुये बिजली के बिल में संसोधन करते हुए इससे निजात दिलाई जाए। खराब ट्रांसफॉर्मर व केबिल न बदले जाना, क्षेत्र में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर एवं केबिल खराब पड़े है जिनका समय पर सुधार/परिवर्तन नहीं किया जा रहा, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप खराब है, राइजर पाइप, बासर, नट बोल्ट की कमी की वजह से हैंडपंप नहीं बन पा रहे है जिसे समय-समय पर विभागीय लोगों को आगाह किया पर किसी तरह का कोई ठोस कदम न उठाने के कारण गर्मी का समय आ चुका है। गांवों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। जिन गांवों में नल-जल योजना शुरू की गई थी वह भी मेंटेनेंस के अभाव में बंद पड़ी है। जिले में हुई ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि से किसाने के फसलों का अत्यधिक नुकसान हुआ है निवेदन है कि राजस्व विभाग से सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाए। न्यू बस स्टैण्ड सीधी के पास स्थित भानू काम्पलेक्स के आसपास बसों का नियम विरूद्ध परिचालन होने से जाम की स्थिति बनी रहती है। जबकि सीधी का बस स्टैण्ड सर्वसुविधा युक्त है तो सारी बसों का संचालन वहीं से किया जाना सुनिश्चित हो।

Next Post

ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, पारदर्शी सर्वे और त्वरित राहत के निर्देश

Mon Apr 6 , 2026
सीधी।कलेक्टर विकास मिश्रा ने तहसील चुरहट अंतर्गत ग्राम समदा एवं पटपरा का दौरा कर ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों का स्थल पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने […]

You May Like