इंदौर:किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरसोला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर गहने, नकदी और मोबाइल सहित करीब 80 हजार रुपए का सामान ले उड़े.किशनगंज थाने से मिली जानकारी के अनुसार फरियादिया निशा मोटवानी, निवासी लिंबोदी, खंडवा रोड ने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर चोरी कर ली.
बदमाश घर का ताला तोड़कर पुरानी चांदी की चार जोड़ पायल, सोने की चार जोड़ कान की टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक चांदी का ब्रेसलेट, 30,000 रुपए नकद और एक सैमसंग मोबाइल लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की कीमत 80 हजार रुपए बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही किशनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके.
