भाजपा दबाव की राजनीति कर रही, नरोत्तम और निर्मला सप्रे के मामलों में देरी क्यों?

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में विजयपुर विधानसभा चुनाव प्रकरण, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण बढ़ती महंगाई और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

विजयपुर मामले पर बोलते हुए सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी न्यायालय के उस निर्णय का सम्मान करती है जिसमें पार्टी विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्यायिक प्रक्रिया सर्वोपरि होती है और हर व्यक्ति को जिला न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक न्याय पाने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि मल्होत्रा के लिए भी सर्वोच्च न्यायालय के दरवाजे खुले हैं और पार्टी कानूनी सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।

सिंघार ने कहा कि देश में कई ऐसे उदाहरण हैं जहां न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग स्तरों पर भिन्न निर्णय सामने आए हैं। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय की अंतिम उम्मीद सर्वोच्च न्यायालय से ही होती है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर दबाव की राजनीति कर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार भाजपा चुनाव का सामना करने से डरती है और जनता के बीच जाकर जवाब देने से बचना चाहती है।

सिंघार ने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से जुड़े कथित पेड न्यूज मामले और निर्मला सप्रे प्रकरण में भी फैसलों में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने पूछा कि इन मामलों में वर्षों से निर्णय लंबित क्यों हैं।

अंतरराष्ट्रीय हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान–इज़राइल संघर्ष के कारण वैश्विक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं, जिसका असर भारत में महंगाई पर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर पर लगने वाले करों में कटौती कर आम जनता को राहत देने की मांग की।

सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बैठक में तीन पदों को भरने की प्रक्रिया थी, लेकिन केवल दो पदों पर ही नियुक्ति की जा रही है। सिंघार ने सभी रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग करते हुए कहा कि इससे सूचना के अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Next Post

विज्ञान और नारी शक्ति का संगम: भव्य व्याख्यान एवं पुरस्कार वितरण

Tue Mar 10 , 2026
​बैतूल। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCST) के सहयोग से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। वूमेन इन साइंस, कैटालाइजिंग विकसित भारत थीम पर केंद्रित इस कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी, क्विज और पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएँ हुईं। ​प्राचार्य श्रीमती नीतू […]

You May Like