
(सुरेश पाण्डेय) पन्ना। कल उत्तर वन मण्डल की देवेन्द्रनगर रेंज की उमराझाला की वीट क्र पी- 91 में लगभग दस वर्षीय बाघिन की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है । जानकारी के अनुसार कल शाम सुरक्षा श्रमिक पहलवान सिंह गौंड़ निवासी मकरी ने वीट गार्ड मकरी को सूचना दी कि कुड़ियन हार में एक बाघिन मृत अवस्था में पड़ी है । सूचना प्राप्त होते ही परिक्षेत्र सहायक मनोज सिंह बघेल क्षेत्रीय वीट गार्डा एवं सुरक्षा श्रमिकों के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उक्ताशय की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गयी सूचना पाते ही डी एफ ओ उत्तर वन मण्डल गर्वित गंगवार , एस डी ओ पन्ना एवं रेंजर देवेन्द्रनगर मौके पर पहुंचे तथा एस पी आफिस पन्ना के डाग स्क्वाड तथा सतना वन मण्डल से डाग स्क्वाड को बुलाकर डाग द्वारा सेंण्ट लिया जाकर सर्चिंग का कार्य कराया गया। इसके उपरांत फील्ड डायरेक्टर पन्ना टाइगर रिजर्व अंजना सुचिता तिर्की, डी एफओ उत्तर वन मण्डल,एस डी ओ उत्तर वनमण्डल एवं रेंजर की उपस्थिति में वन्य प्राणी चिकित्सक संजीव गुप्ता एवं पशु चिकित्सक देवेन्द्रनगर द्वारा संयुक्त रूप से मृत बाघिन का पीएम किया एवं सेंपल जांच हेतु प्राप्त कर लैब जांच के लिए भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारियों तथा तहसीलदार पन्ना एवं एनजीओ प्रतिनिधि इन्द्रभान बुन्देला की उपस्थिति में बाघिन के शव का आग में विनिष्टीकरण किया गया।
क्या कहते हैं अधिकारी- जब उपरोक्त मामले में उत्तर वन मण्डल के डी एफ ओ गर्वित गंगवार से चर्चा की गयी तो उन्होंने कहा कि घटना स्थल के आसपास की सर्चिंग कराई गयी जिसमें कोई भी अवैध गतिविधियों के प्रमाण नही मिले हैं प्रथम द्रष्ट्या टेरिटरी के लिए आपसी संघर्ष में मौत होने के लक्षण प्रतीत होते हैं फिर भी घटना स्थल के क्षेत्र कैमरे लगवाए दिए गए हैं ताकि कैमरा टेप से वहां की पूरी जानकारी प्राप्त हो सके बाघिन के अवशेष लेकर सेंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं ताकि और स्थिति स्पष्ट हो सके ।
