मुंबई, 13 मई (वार्ता) बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ से उनका लुक रिलीज हो गया है। अक्षय कुमार जब एंट्री लेते हैं तो माहौल अपने आप बदल जाता है, और इस बार तो ऐसा लग रहा है जैसे पूरा जंगल ही उनके स्वागत में तैयार खड़ा हो। ‘वेलकम टू द जंगल’ से सामने आए उनके नए लुक में वही पुराना अंदाज़, वही कॉन्फिडेंस और वही बड़े पर्दे वाली मौजूदगी देखने को मिल रही है, जिसने कभी ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ को इतना यादगार बनाया था। स्टाइलिश आउटफिट, आंखों पर टिंटेड चश्मा और जंगल के बीच पूरी शान से खड़े अक्षय कुमार इस दुनिया में पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं।
इस लुक की सबसे खास बात है उससे जुड़ी पुरानी यादें। अक्षय कुमार का वही कूल और मजेदार अंदाज़ फिर से महसूस होता है, लेकिन इस बार सब कुछ पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और भव्य नजर आ रहा है। तस्वीर में एक तरफ फिल्म का फन और पागलपन दिखता है, तो दूसरी तरफ अक्षय कुमार की वही स्टार वाली चमक भी साफ नजर आती है, जिसने उन्हें इस फ्रेंचाइज़ का सबसे पसंदीदा चेहरा बनाया। अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। हाल के समय की सबसे बड़ी मल्टीस्टारर फिल्मों में शामिल इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से जबरदस्त उत्साह है। खास तौर पर कॉमेडी के अपने आइकॉनिक अंदाज़ में अक्षय कुमार की वापसी इसे बड़े पर्दे का एक मजेदार एंटरटेनर बनाने वाली है।

