शिवपुरी: सेमरी घाटी पर आज एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस सड़क हादसे में शिवपुरी जिले के एक ही परिवार के दो बच्चियों सहित 6 लोग घायल हो गए। परिवार भोपाल में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था, तभी ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।शिवपुरी जिले के लुकवासा के रहने वाले श्रीकृष्ण रघुवंशी (73) अपने पूरे परिवार के साथ भोपाल में आयोजित एक शादी में शामिल होने गए थे। घायलों में श्रीकृष्ण के अलावा उनकी पत्नी रामवती (70), बेटे हरिओम (46), हरिमोहन (40), नातिन अरुणा (19) और मिल्की (9) शामिल हैं।
घायलों ने जिला अस्पताल में बताया कि 19 वर्षीय अरुणा पीजी कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही है। आज बुधवार को उसका इतिहास का पेपर था। नातिन की परीक्षा के कारण ही पूरा परिवार भोपाल से सुबह जल्दी लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
