उत्तरकाशी 27 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में रविवार देर रात एक आवासीय मकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग से दो लोग झुलस गए और उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र प्रभारी शार्दूल गुसाईं ने सोमवार को बताया कि कल रात लगभग 10:45 बजे तहसील डुण्डा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम जुणगा के डांगडा तोक में स्थित एक पक्के आवासीय भवन में आग लगने की सूचना प्राप्त हुयी। सूचना पर तत्काल घटनास्थल के लिए राजस्व, अग्निशमन सेवा , एस.डी.आर.एफ. एवं पुलिस की टीम उपकरण सहित तथा 108 एंबुलेंस भेजी गयी।
उन्होंने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक द्वारा प्राप्त सूचनानुसार अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लगने से मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया और उसमें रखा घरेलू सामान बर्तन कपडे खाद्यान्न अदि सामग्री एवं जलकर पूर्णतः नष्ट हो गए है।
दमकल विभाग ने ग्रामीणों की मदद से आग पर देर रात लगभग 01:30 बजे पूर्ण रूप से काबू पाया लिया। हादसे में सुमेर सिंह और प्रमिला देवी झुलस गये। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया है।
