जबलपुर : बरगी थाना अंतर्गत बरगी नगर स्थित निमार्णाधीन मंदिर के पास स्थित कुटिया में शनिवार सुबह वृद्ध महाराज की नृशंस हत्या करने वाले कातिल का पुलिस अब तक सुराग नहीं जुटा पाई है । संदेहियों से जरूर पूछताछ की जा रही है। हालांकि अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने क्राइम ब्रांच के साथ थाना पुलिस लगी हुई है । हर एंगल पर तफ्तीश चल रही है । पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा ।
विदित हो कि मनकेडी चौकी बरगी नगर स्थित पुलघाट में मां नर्मदा का मंदिर बन रहा है। पास में बनी कुटिया में मूलत: घंसौर जिला सिवनी में रहने वाले महाराज तारचंद कुशवाह उर्फ तारापुरी महाराज 67 वर्ष रहते थे जो मंदिर का निमार्ण करा रहे है। साथ ही मंदिर की देखरेख के साथ सेवा करते थे। जिनकी शनिवार सुबह धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी । हत्या का पता उस वक्त चला जब निमार्णाधीन मंदिर का सुपरवाईजर सुशील शनिवार सुबह 10 बजे तारा पुरी महाराज के लिये भोजन लेकर उनकी कुटिया में पहुंचा था।
वे जब अंदर गया तो महाराज बिस्तर पर मृत दिखे, टीव्हीएस गाडी भी गिरी पडी दिखी है। कमरे में खून अधिक फैला था महाराज के सिर, पीठ, कंधे व शरीर पर गहरे घाव थे, चारो तरफ खून के छींटे थे। बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहर ने बताया कि पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है। हत्या किसने और किन कारणों से की है इसका पता लगाया जा रहा है पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
