नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल का औसत भाव गिर गया। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी नरमी देखी गयी। खाद्य तेलों के दामों में घट-बढ़ रही।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 53 रुपये घटकर 3,804 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 23 रुपये सस्ता हुआ और 2,766 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत 21 रुपये कम हुई।
दाल-दलहनों में भी नरमी रही। तुअर दाल की औसत कीमत 55 रुपये घट गयी। मूंग दाल और मसूर दाल में 39-39 रुपये की गिरावट रही। चना दाल 35 रुपये और उड़द दाल 34 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज अवकाश रहा। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.90 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल औसतन 20 रुपये और सोया तेल नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मूंगफली तेल में 181 रुपये और वनस्पति में 187 रुपये की गिरावट रही। सरसों तेल 46 रुपये और सूरजमुखी तेल 31 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 26 रुपये प्रति क्विंटल गिर गया। चीनी भी 13 रुपये सस्ती हुई।

