
दमोह। शहर के हृदय स्थल बकौली चौराहा के पास स्थित जर्जर टंडन बिल्डिंग को लेकर नवभारत में प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। न्यायालय के संज्ञान और निर्देश के बाद शुक्रवार से नगर पालिका द्वारा बिल्डिंग को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
*क्या था मामला*
नगर पालिका ने क्षतिग्रस्त टंडन बिल्डिंग पर पहले केवल सूचना बोर्ड लगाकर छोड़ दिया था, लेकिन बिल्डिंग को गिराया नहीं गया था। इसको लेकर न्यायालय में शिकायत की गई थी।
*23 जुलाई को छपी खबर पर लिया गया संज्ञान*
23 जुलाई, गुरुवार को नवभारत अखबार में इस जर्जर बिल्डिंग को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। खबर को हाईकोर्ट ने संज्ञान में लेते हुए तत्काल दमोह नगर पालिका को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को तत्काल गिराया जाए।
*शुक्रवार से शुरू हुई कार्रवाई*
हाईकोर्ट के निर्देश मिलते ही आज शुक्रवार को नगर पालिका अमले ने जेसीबी के माध्यम से टंडन बिल्डिंग को गिराने का काम शुरू कर दिया है। बिल्डिंग को जल्द गिराने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में मजदूर भी लगाए गए हैं।
*स्थानीय लोगों में खुशी*
बिल्डिंग के गिरने की कार्रवाई शुरू होने पर आसपास के रहवासी और दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि जर्जर बिल्डिंग कभी भी गिरकर बड़ा हादसा कर सकती थी। नगर पालिका ने कहा कि कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
