इंदौर: नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए एक युवक एमडी ड्रग्स की खरीद बिक्री में जुट गया. खजराना पुलिस ने उसे स्कीम नंबर 134 स्थित पानी की टंकी के पास से पकड़ा है. तलाशी में उसके पास से 12 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है.पुलिस टीम स्टार चौराहा क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि स्कीम नंबर 134 में पानी की टंकी के पास एक युवक मादक पदार्थ लेकर मौजूद है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक घबराकर भागने लगा, घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
उसकी पहचान मोहम्मद समीर उर्फ कल्लू उम्र 21 साल निवासी अमन नगर, इलियास कॉलोनी, खजराना के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है, उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ड्रग्स कहां से खरीदता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था. एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए ड्रग्स की खरीद बिक्री कर रहा था. उससे मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
