पश्चिम एशिया में शांति कायम रही तो बंद की गयी उड़ानें दोबारा शुरू करेगी एयर इंडिया

नयी दिल्ली, 26 जून (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया पश्चिम एशिया में स्थिति में सुधार को देखते हुए अस्थायी तौर पर बंद की गयी उड़ानों को धीरे-धीरे दोबारा बहाल करने पर विचार कर रही है।

एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैम्पबेल विल्सन ने कर्मचारियों के नाम जारी आंतरिक संदेश में यह बात कही है। उन्होंने लिखा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष का समाप्त होना कंपनी के लिए महत्वपूर्ण है। इसके दोबारा शुरू न होने की कोई गारंटी नहीं है, लेकिन माहौल में स्थिरता के कारण पश्चिम एशिया में अब ज्यादा हवाई क्षेत्र उपलब्ध हो गया है और विमान ईंधन की कीमतों में काफी कमी आयी है।

उन्होंने लिखा कि यदि यही ट्रेंड जारी रहा तो, “हम शिड्यूल उड़ान में हाल के महीनों में की गयी कटौती में से कुछ उड़ानों को दोबारा बहाल करने में सक्षम होंगे”। उन्होंने जल्द से जल्द ऐसा होने की कामना की।

एयर इंडिया ने विमान ईंधन की ऊंची कीमतों और हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के कारण लागत बढ़ने के बाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या में कटौती की है। उसने कहा था कि यह कटौती जून से अगस्त तक के लिए की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर करीब 30 प्रतिशत और घरेलू मार्गों पर 20 प्रतिशत से ज्यादा कटौती की गयी थी।

पश्चिम एशिया संकट के बीच उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में विमान ईंधन की कीमत काफी बढ़ गयी थी। साथ ही कई देशों के हवाई क्षेत्र बंद होने से यूरोप और अमेरिका की उड़ानों को लंबे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा था। इससे लागत काफी बढ़ गयी थी। एयर इंडिया और दूसरी विमान सेवा कंपनियों ने किराये में ईंधन सरचार्ज लगा दिया था जो आज भी जारी है। उन्होंने उड़ानों की संख्या में भी कटौती की ताकि नुकसान कम से कम हो सके।

श्री विल्सन ने अपने नोट में लिखा है कि एयरलाइंस का इस महीने घरेलू मार्गों पर ऑन-टाइम प्रदर्शन (ओटीपी) 90 प्रतिशत रहा है जो अपने-आप में रिकॉर्ड है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मिलाकर संयुक्त ओटीपी 86 प्रतिशत रहा। कंपनी ने विमानों के रखरखाव, मरम्मत और प्रक्रिया पर फोकस बढ़ाकर प्रदर्शन में सुधार किया है। साथ ही, इसमें कुछ योगदान उड़ानों की गयी कटौती और अनुकूल मौसम का भी रहा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने नेटवर्क के विस्तार पर भी ध्यान दे रही है। पिछले सप्ताह मुंबई से टोक्यो हनेडा के लिए उड़ान शुरू हुई। कंपनी की सहयोगी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस जुलाई में नवी मुंबई से अबु धाबी की उड़ान शुरू करेगी जो इस नये बने हवाई अड्डे से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। अगस्त में एयर इंडिया एक्सप्रेस गुवाहाटी से अबु धाबी और दुबई के लिए उड़ानें शुरू करने वाली है।

Next Post

आजीविका मिशन की दीदियां बनेंगी इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की बीसी सखी

Fri Jun 26 , 2026
अनूपपुर, नवभारत। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के संयुक्त प्रयासों के तहत अब स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बीसी सखी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) के रूप में नियुक्त किया […]

You May Like