
अनूपपुर, नवभारत। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के संयुक्त प्रयासों के तहत अब स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बीसी सखी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनके गांव में ही सुरक्षित, सरल और सुलभ बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (डाइट भवन) अनूपपुर में आईपीपीबी और आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक शहडोल के शाखा प्रबंधक विवेक पाण्डेय एवं उनकी टीम ने समूह की महिलाओं को बीसी सखी के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें इस कार्य से होने वाली आय, बैंकिंग सेवाओं की कार्यप्रणाली तथा बायोमेट्रिक डिवाइस, माइक्रो एटीएम और यूवी लैम्प जैसे आवश्यक उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान बीसी सखी के रूप में कार्य करने की इच्छुक आजीविका मिशन की 20 महिलाओं ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किए। साथ ही, मौके पर ही समूह सदस्यों के 20 नए प्रीमियम खाते भी खोले गए।
जिला परियोजना प्रबंधक शशांक प्रताप सिंह ने बताया कि बीसी सखियों की नियुक्ति से ग्रामीणों को बैंक शाखाओं के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें गांव में ही नकद जमा-निकासी, मनी ट्रांसफर, सरकारी योजनाओं की सब्सिडी, बीमा एवं अन्य बैंकिंग सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, यह पहल स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी बनेगी। कार्यक्रम में जिला प्रबंधक अंजू शुक्ला, बीपीएम राजेश सिंह राठौर, आईबीसी वंदना वर्मा, जैतहरी के ब्लॉक प्रबंधक कन्हैया लाल पटेल, आईपीपीबी के आरएम परमेन्द्र वर्मा तथा उड़ान एग्जीक्यूटिव आर्यन नामदेव सहित अन्य अधिकारी एवं समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
