
चितरंगी । लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने चितरंगी अंचल में दस्तक दे दी। आज शुक्रवार की दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से पहले कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिसके बाद रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला चलता रहा। मानसून की पहली अच्छी बारिश ने किसानों के चेहरों पर लंबे समय बाद मुस्कान लौटा दी।
जानकारी के अनुसार सोन नदी तटवर्ती क्षेत्र के फुलकेश, खैरा, गोड़हा, गांगी, चिकनी, धरौली, बिछी, माचीकला, हरमा, मनिकपुर, विजयपुर सहित कई गांवों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची, हालांकि मानसून दस्तक की यह पहली बारिश है, फिर भी किसान खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों को गति मिल गई है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंतित थे और खेत सूखे पड़े थे, लेकिन मानसून की पहली दस्तक ने उनकी उम्मीदों को नया संबल दिया है। वहीं बैढ़न क्षेत्र में दिनभर आसमान पर काले बादल छाए रहे, हालांकि अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। सरई क्षेत्र के भी कई गांवों में वर्षा होने की जानकारी मिली है। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी और प्रचंड धूप से लोगों को काफी राहत मिली है तथा तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ स्थानों पर हल्की उमस महसूस की जा रही है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई समय पर पूरी हो सकेगी और इस वर्ष बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ जाएगी।
