सशक्त समाज के लिए नशामुक्ति जरूरी, युवा सकारात्मक ऊर्जा का करें उपयोग: प्रीति सिंह

अनूपपुर, नवभारत। जिला प्रशासन के निर्देशन में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित नशा मुक्त भारत सप्ताह का समापन शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में हुआ। इस वर्ष अभियान नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह ने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक सहयोग से ही संभव है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करें तथा नशे से दूर रहकर समाज के लिए प्रेरणा बनें। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। गौरतलब है कि 17 जून से प्रारंभ हुए नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, संगोष्ठियां तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाले सामाजिक और आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। समापन समारोह में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के उपसंचालक के.के. सोनी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनें, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Next Post

धनगवां से जैतहरी नगर होते हुए गोबरी के जंगल पहुंचे चार जंगली हाथी, रातभर चला निगरानी अभियान

Fri Jun 26 , 2026
अनूपपुर, नवभारत। छत्तीसगढ़ से अनूपपुर जिले में दोबारा प्रवेश करने वाले चार जंगली प्रवासी हाथियों का दल गुरुवार देर शाम धनगवा के जंगल से निकलकर जैतहरी नगर से गुजरते हुए शुक्रवार सुबह गोबरी बीट के जंगल पहुंच गया। हाथियों की आवाजाही के दौरान वन विभाग, पुलिस और ग्रामीण पूरी रात […]

You May Like