सतना: आषाढ़ माह की अमावस्या पर धर्मनगरी चित्रकूट दर्शन-पूजन के लिए आए एक श्रद्धालु की मंदाकिनी नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा पुराने नगर पंचायत कार्यालय घाट के सामने हुआ। घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के नेवाईच गांव निवासी छोटेलाल वर्मा (46) पुत्र मन्नू वर्मा के रूप में हुई है।
वे आषाढ़ अमावस्या पर चित्रकूट में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि घाट पर स्नान करते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से श्रद्धालु को नदी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत होना सामने आ रहा है।
