इंदौर: खजराना पुलिस ने मारपीट के एक मामूली केस की जांच करते हुए गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी को 2 किलो से अधिक गांजा और स्कॉर्पियो वाहन के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त माल की कीमत 20.50 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है.पुलिस के अनुसार, फरियादी सौरभ रघुवंशी की शिकायत पर आरोपी वैभव बुंदेला उर्फ रजत ठाकुर के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने जब विवाद की वजह जानी तो सामने आया कि दोनों के बीच गांजा बेचने को लेकर विवाद हुआ था. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभिव्यक्ति गरबा ग्राउंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी से एक थैली में रखा 2 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ. कार्रवाई के दौरान आरोपी भागने की कोशिश में गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट आ गई.
आरोपी तस्कर पर दो दर्जन से अधिक केस हैं दर्ज
आरोपी वैभव बुंदेला उम्र 29 साल चित्रा नगर, विजय नगर क्षेत्र का रहने वाला है और पूर्व में उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं. पूछताछ में उसने बताया कि नशे की लत पूरी करने और पैसे कमाने के लिए वह सस्ते में गांजा खरीदकर महंगे दामों पर बेचता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की के तहत केस दर्ज कर लिया है. मामले में आरोपी से रिमांड लेकर सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है. साथ ही किरायेदार की जानकारी न देने पर मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.
