धर्मशाला, 12 मई (वार्ता) दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल में सर्वाधिक रनों के लिए ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे स्थान पर पहुँच गए हैं।
ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड
दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ सोमवार को बेहद ज़रूरी जीत दर्ज की, जिससे प्लेऑफ़ में पहुंचने की उनकी उम्मीदें ज़िंदा रहीं। हालांकि 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केएल राहुल वैसा योगदान नहीं दे पाए, जैसा वह चाहते थे। लेकिन 8 गेंदों पर 9 रन बनाकर वह इस सीजन के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में नंबर 3 से नंबर 2 पर पहुंच गए। उन्होंने अब तक 12 पारियों में 177.98 के स्ट्राइक रेट से 477 रन बनाए हैं।
मंगलवार को सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) का मुकाबला गुजरात टाइटंस (जीटी) से है, इसलिए राहुल की यह पोज़िशन सुरक्षित नहीं है। अभिषेक शर्मा (475) और उनके सबसे पुराने व अच्छे दोस्त शुभमन गिल (462) उनके बेहद क़रीब हैं। वहीं हेनरिक क्लासेन 11 पारियों में 157.32 के स्ट्राइक रेट से 494 रन बनाकर शीर्ष पर हैं। उनके पास भी अपनी बढ़त को और मजबूत करने का मौक़ा है।
पर्पल कैप लीडरबोर्ड
2016 और 2017 में लगातार दो बार पर्पल कैप जीतने वाले भुवनेश्वर कुमार ने साफ़ कर दिया है कि 36 साल की उम्र में भी उनकी कला कम नहीं हुई है, भले ही साल के बड़े हिस्से में वह लगभग नजर नहीं आते हैं। ऐसा लगता है कि वह लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। मुंबई इंडियंस (एमआई) के ख़िलाफ़ 4 विकेट के प्रदर्शन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एक रोमांचक जीत दिलाई। यह इस सीजन उनका छठा 3-विकेट, जबकि पहला 4-विकेट हॉल था और इससे उनके कुल विकेटों की संख्या 21 हो गई। उनके पास फ़िलहाल पर्पल कैप है। उनके बाद अंशुल कम्बोज (19 विकेट) और कगिसो रबाडा (18 विकेट) का नाम आता है।
