होशियारपुर, 08 मई (वार्ता) सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बनकर एक संदिग्ध फोन कॉल आई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। श्री चब्बेवाल ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। पहले कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद दूसरी आवाज लाइन पर आई, जिसने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री बताया। सांसद ने कहा, “कॉलर ने मुझे जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पूछा कि मैं कहां हूं। जब मैंने बताया कि मैं अपने लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर में हूं, तो उसने कहा कि जब भी दिल्ली आओ, मुझसे मिलना।”
उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान उन्हें शक हुआ, क्योंकि कॉल करने वाले की आवाज अमित शाह जैसी नहीं लग रही थी और कॉल किसी आधिकारिक नंबर से भी नहीं आई थी।
श्री चब्बेवाल ने कहा, “आमतौर पर मंत्रालयों से फोन आधिकारिक लैंडलाइन नंबरों से आते हैं। मुझे आवाज भी गृह मंत्री जैसी नहीं लगी। पूरा मामला संदिग्ध लगा, इसलिए मैंने एसएसपी से इसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।” उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर मोबाइल नंबर और बातचीत की जानकारी साझा की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने पुष्टि की कि पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिली है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

