रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष पद को लेकर अपनी सहमति जताते हुए कहा है कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपता है तो वे इसे निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना आवश्यक है और वे इसी दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
श्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत के दौरान आज कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन में समन्वय और संवाद को बढ़ाना होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में पुनः मजबूत करने के लिए हर स्तर पर कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क और सामूहिक नेतृत्व की भावना को आगे बढ़ाना जरूरी है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाओं के बीच श्री सिंहदेव का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। इससे प्रदेश की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
इधर, संगठनात्मक स्तर पर एक और बड़ा बदलाव सामने आया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जारी आदेश के अनुसार, संगीता सिन्हा आगामी स्थायी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति तक यह जिम्मेदारी संभालेंगी।
प्रदेश महिला कांग्रेस में यह पद राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के इस्तीफे के बाद रिक्त था। संगीता सिन्हा की नियुक्ति को संगठन में नई सक्रियता और मजबूती लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी समय में संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
