
ग्वालियर/दतिया। भाजपा नेतृत्व दतिया में पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शनों, चक्काजाम एवं इन घटनाओं में एसपी और एएसपी समेत आठ पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटना के बाद डॉ. मिश्रा पर सख्त हो गया है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें आनन फानन में भोपाल तलब किया, जहां उन्हें अनुशासन की हद बताते हुए कड़ी नसीहत दी जा सकती है। हालांकि भोपाल पहुंचने के बाद डॉ मिश्रा ने कहा कि पार्टी के किसी बड़े नेता का उन्हें फोन नहीं आया। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका मैं सम्मान करता हूं। नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि उपचुनाव में सभी मिलकर काम करेंगे।
इससे पूर्व आज शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे नरोत्तम समर्थकों द्वारा किए पथराव में एसपी मयूर खंडेलवाल, एएसपी, एसडीओपी और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं कुछ नरोत्तम समर्थक कार्यकर्ताओं के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने एसएएफ की तीन कंपनियां एवं अतिरिक्त बल तैनात किया। सुबह कुछ समर्थकों ने भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था, जिन्हें बाद में प्रशासन की समझाइश के बाद बाहर निकाला गया।
*भाजपा कार्यालय में 250 कार्यकर्ता नजरबंद*
बड़ौनकलां में जाम की सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके की निगरानी की गई, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।
*प्रशासन ने पूरे जिले में लागू की धारा 163*
गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने संघ से सीधे जुड़े आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। बीती शाम यह खबर फैलते ही पूर्व गृह मंत्री डॉ. मिश्रा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पूरे शहर में पथराव, चक्काजाम और पुलिस से झड़प शुरू हो गई। इसके बाद आज शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही 5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है। बहरहाल, कोतवाली पुलिस ने 17 बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की है।
वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया उपचुनाव में भाजपा के भीतर चल रही नाराजगी पर कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं। संगठन के निर्णय का सम्मान करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की परंपरा नहीं है। दतिया में भी उम्मीदवार बदलने की संभावना नहीं है।
रातभर हाईवे जाम रहने के बाद नरोत्तम समर्थकों ने पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और हल्का लाठीचार्ज किया गया। पुलिस ने बिगड़े हालात को कंट्रोल कर हाईवे पर जाम खुलवा दिया।
*संगठन प्रभारी के समक्ष लगे मुर्दाबाद के नारे*
टिकट विवाद के बीच भाजपा के दतिया प्रभारी अभय प्रताप यादव शनिवार को दतिया पहुंचे। जब वे बात कर रहे थे, तभी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
*सिंधिया को बनाया दतिया क्षेत्र का मुख्य चुनाव प्रभारी*
दतिया जिले में विधानसभा उपचुनाव और पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया क्षेत्र का मुख्य चुनाव प्रभारी बनाया है। इसके बाद सिंधिया ने दतिया के भाजपा नेताओं से बात की है।
*नरोत्तम मिश्रा दे सकते हैं आशुतोष तिवारी को समर्थन*
सूत्रों के अनुसार पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को अपना समर्थन दे सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा का फोकस अब “सबका साथ, सबका विकास” के साथ दतिया उपचुनाव जीतने पर है। इस बीच दतिया में कार्यकर्ताओं से सीधे बात करने के लिए डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा दतिया पहुंच रहे हैं।
