
अनूपपुर, नवभारत। जिले के जल संसाधन विभाग में कथित आर्थिक अनियमितता एवं भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अनूपपुर निवासी नितेश कुमार शर्मा ने कलेक्टर को जनसुनवाई के माध्यम से एक विस्तृत आवेदन सौंपा है। प्रार्थी का आरोप है कि पूर्व में दिए गए कई शिकायत पत्रों के बावजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। आवेदन के अनुसार प्रार्थी ने 28 जनवरी तथा 12 मई को भी जल संसाधन विभाग में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में विभागीय अभिलेखों में कथित हेरफेर, नियमितीकरण आदेश को छिपाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी को परेशान करने तथा आर्थिक अनियमितता से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
प्रार्थी का कहना है कि उसके पिता स्व. विजय कुमार शर्मा जो जल संसाधन विभाग में सहायक वर्ग-3 के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, उनके नियमितीकरण आदेश दिनांक 2 मई 2018 को जानबूझकर दबाकर रखा गया तथा सेवा पुस्तिका में समय पर प्रविष्टि नहीं की गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन स्थापना प्रभारी द्वारा गुमराह कर न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कराया गया और इस दौरान पैसों की मांग भी की गई। नितेश कुमार शर्मा का आरोप है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, रिकॉर्डिंग तथा अन्य साक्ष्य विभाग और शिकायतकर्ता के पास उपलब्ध हैं, इसके बावजूद अब तक न तो निष्पक्ष जांच कराई गई और न ही किसी अधिकारी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया तथा मानहानि के मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।
आवेदन में कलेक्टर से मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रथम दृष्टया तथ्य पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रार्थी ने अपने आवेदन के साथ पूर्व में दिए गए शिकायत पत्रों एवं साक्ष्यों की सीडी भी संलग्न करने की बात कही है। जनसुनवाई में प्रस्तुत इस शिकायत के बाद अब जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन अथवा जल संसाधन विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। प्रशासनिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
