
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने एक बिछड़े बेटे को उसके माता-पिता से मिला दिया. इस वीडियो को देखकर माता-पिता ने अपने बेटे को पहचान लिया. फिर दोनों ग्वालियर आए और अपने बेटे से फिर मिल गए. बताया जाता है कि कुछ महीने पहले युवक के पिता उसे इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा लेकर आ रहे थे. उन्हें ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन बदलना था. इसी दौरान बेटा प्लेटफॉर्म से अचानक लापता हो गया. परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन बेटा का कहीं कोई पता नहीं चल पाया. बेटे के गुम होने की शिकायत ग्वालियर जीआरपी में भी की गई थी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी.
रेलवे स्टेशन से निकलकर युवक सड़कों पर घूम रहा था. पुलिस की नजर लड़के पर पड़ी. युवक लावारिस हालत में बेसुध होकर सड़कों पर धूम रहा था. पुलिस ने उससे लगातार अपने परिवार के डिटेल्स के बारे में पूछा, लेकिन युवक अपने नाम के अलावा कुछ भी नहीं बता पा रहा था. फिर युवक को बाल कल्याण समिति के सामने पुलिस ने पेश किया. फिर जब वह बालिग निकला तो उसे स्वर्ग सदन भेज दिया गया. डीएसपी संतोष पटेल अपने बेटे के साथ आश्रम में फादर्स डे सेलिब्रेट करने पहुंचे थे. उनकी नजर इस युवक पर पड़ी. उन्होंने उससे बातचीत की. आश्रम ने उसकी कहानी बताई को डीएसपी ने एक रील बना लिया. फिर इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. देखते ही देखते रील वायरल हो गई. फिर ग्वालियर से करीब 400 किलोमीटर दूर चित्रकूट के सपहा गांव के एक परिवार ने ये वीडियो देखा. वीडियो देखते ही माता-पिता की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा. वीडियो में नजर आने वाले युवक दरअसल उनका बेटा था. फिर बेटे को लेने के लिए माता-पिता ग्वालियर पहुंच गए.
