
अनूपपुर, नवभारत। जिले के नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव किराए के मकान की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गायत्री सिंह पिता पवन सिंह उम्र 20 निवासी ग्राम बहोरीटोला केकरपानी के रूप में हुई है। गायत्री हाल ही में पीएम श्री तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के बाद वार्ड क्रमांक-9 स्थित एक किराए के मकान में रह रही थी। वह लगभग एक माह पहले गांव की ही एक अन्य युवती के साथ कमरा लेकर रहने आई थी।
जानकारी के अनुसार मकान में रह रही अन्य छात्राओं ने शनिवार सुबह छत पर गायत्री का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक भारत सिंह राठौर को सूचना दी। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस, डायल-112 और मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले के विवेचक एसआई त्रिलोक सिंह वालरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात करीब 11 बजे तक मकान में रह रही सभी लड़कियां जाग रही थीं। आशंका है कि उनके सोने के बाद गायत्री छत पर गई और सीलिंग हुक में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना का समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच मान रही है। पुलिस के अनुसार गायत्री ने कुछ दिन पहले ही पीएम श्री तुलसी महाविद्यालय में प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। इससे पहले वह अनूपपुर में रहकर डीसीए का कोर्स कर चुकी थी। करीब 15-20 दिन पहले वह कॉलेज में प्रवेश के लिए पैसे लेने अपने गांव गई थी और वापस लौटने के बाद पढ़ाई शुरू की थी।
पुलिस ने बताया कि गायत्री के साथ कमरा साझा करने वाली दूसरी छात्रा कुछ दिनों से अपने गांव गई हुई थी। अन्य किराएदार छात्राओं के मुताबिक, गायत्री स्वभाव से शांत थी और किसी से अधिक बातचीत नहीं करती थी। मृतका के परिवार में माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। पिता खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों सहित सभी पहलुओं की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
