
अनूपपुर, नवभारत। मध्यप्रदेश में मानसून के प्रवेश के बाद भी अनूपपुर जिले में बारिश का असमान वितरण देखने को मिल रहा है। शनिवार को जहां जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित कई क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं पवित्र नगरी अमरकंटक में दोपहर करीब दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के अभाव में जिले के किसानों की खरीफ बुवाई प्रभावित हो रही है और वे अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे हैं।
अमरकंटक में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे तक अमरकंटक में लगातार तेज बारिश हुई। बारिश से नर्मदा मंदिर और आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया। लगातार हो रही वर्षा से अमरकंटक का मौसम पूरी तरह बदल गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। स्थानीय किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए राहतभरी शुरुआत बताया।
अनूपपुर में दिनभर धूप और उमस, शाम को बदला मौसम
इसके विपरीत जिला मुख्यालय अनूपपुर में शनिवार सुबह तेज धूप निकली, जिससे उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। शाम होते-होते अनूपपुर, जैतहरी, राजेंद्रग्राम, कोतमा, भालूमाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में काले बादल छा गए तथा हल्की हवा चली। हालांकि समाचार लिखे जाने तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई थी। मौसम विभाग ने रात में वर्षा होने की संभावना जताई है।
बिजली की आंख-मिचौली से लोग रहे परेशान
मौसम की उमस के बीच शनिवार को सुबह से शाम तक बिजली की बार-बार आवाजाही भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी। बिजली कटौती के कारण घरों और बाजारों में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। अधीक्षक भू-अभिलेख अधिकारी प्रदीप मोगरे ने बताया कि प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन अनूपपुर जिले में अभी भी पर्याप्त वर्षा का इंतजार है। उन्होंने बताया कि 27 जून तक जिले में औसतन 155 से 160 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 27.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस तरह जिला सामान्य से लगभग 125 से 130 मिलीमीटर कम वर्षा की स्थिति में है।
24 घंटे में औसतन 1.4 मिमी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 1.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अनूपपुर में 4.3 मिमी, वेंकटनगर में 2.4 मिमी और पुष्पराजगढ़ में 4.2 मिमी बारिश हुई। वहीं कोतमा, बिजुरी, जैतहरी, अमरकंटक और बेनीबारी में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।
1.85 लाख हेक्टेयर में खरीफ बुवाई का लक्ष्य
इस वर्ष अनूपपुर जिले में 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में बुवाई का कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है। किसान अब मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने और अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं।
