
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस कल 6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर ध्वजारोहण, सजावट और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन महामंत्री अजय जामवाल सुबह 11:15 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
कार्यक्रम के तहत 14 जिलों में जिला कार्यालयों के भूमिपूजन और 3 जिलों में कार्यारंभ समारोह आयोजित होंगे, जिनमें वर्चुअल संबोधन भी होगा। मंडल स्तर तक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
5 से 7 अप्रैल तक सभी कार्यालयों में साज-सज्जा होगी, जबकि 8-9 अप्रैल को सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके बाद 7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता गांवों में जाकर स्वच्छता, जनसंवाद और योजनाओं की जानकारी देंगे।
